चुनाव 26 : उत्तरपाड़ा में तृणमूल का चुनावी इश्तेहार जारी
हुगली, 12 अप्रैल (हि. स.)। उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को श्रीरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने पार्टी का चुनावी इश्तेहार जारी किया, जिसमें क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।
जारी इश्तेहार में उत्तरपाड़ा के लिए तृणमूल की प्रमुख प्रतिबद्धताओं का उल्लेख किया गया है। इसके तहत कोन्नगर स्थित अवनींद्रनाथ ठाकुर की बागानबाड़ी के संरक्षण और विकास का आश्वासन दिया गया है। साथ ही कोन्नगर के नागेंद्रनाथ कुंडू विद्यामंदिर के आधुनिकीकरण और वहां पश्चिम बंगाल बोर्ड के अधीन अंग्रेजी व बांग्ला माध्यम में पढ़ाई शुरू करने की बात कही गई है।
इसके अलावा नगरपालिका की खाली जमीन का उपयोग कर कोतारंग में एक नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने, हिंदमोटर क्षेत्र के औद्योगिक ढांचे को पुनर्जीवित कर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन करने का भी वादा किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राजबाड़ी अस्पताल को उन्नत कर ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना भी शामिल है। वहीं कोननगर, उत्तरपाड़ा शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में खेल के मैदानों के विकास और रखरखाव पर जोर दिया गया है।
इश्तेहार में क्षेत्र के सभी अस्पतालों के समग्र विकास, सड़कों की मरम्मत और बुनियादी ढांचे के सुधार की बात कही गई है। साथ ही कोननगर से कोलकाता तक परिवहन व्यवस्था शुरू करने का भी ऐलान किया गया है।
इस मौके पर सांसद कल्याण बनर्जी के साथ उनके बेटे और उत्तरपाड़ा विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार शीर्षण्य बनर्जी समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

