home page

चुंचुड़ा नगरपालिका में अस्थायी कर्मचारियों की संख्या घटाने की तैयारी

 | 

हुगली, 26 नवंबर (हि. स.)। हुगली-चुंचुड़ा नगरपालिका में अस्थायी कर्मचारियों की संख्या और प्रशासनिक खर्च कम करने की दिशा में नगरपालिका प्रबंधन ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इस सिलसिले में नगरपालिका की ओर से सुरक्षा गार्ड, यूजर फीस कलेक्टर और हेल्थ अटेंडेंट के पदों पर कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों से यह जानने के लिए नोटिस जारी किया गया है कि उनमें से कौन सफाई विभाग (कंजर्वेंसी विभाग) में काम करने का इच्छुक है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरपालिका प्रबंधन ने इन तीनों विभागों को समाप्त करने का निर्णय पहले ही सूचित कर दिया है। अब संबंधित कर्मचारियों को दूसरे विभाग में समायोजित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

हालांकि, कर्मचारियों के एक वर्ग का मानना है कि यह प्रक्रिया वास्तव में छंटनी का एक तरीका हो सकती है। उनका कहना है कि अपेक्षाकृत बेहतर कार्यस्थलों पर काम करने वाले कई कर्मचारी सड़क और सफाई से संबंधित कार्यों में जाने के इच्छुक नहीं होंगे।

इस पूरे मामले में 60 वर्ष से अधिक उम्र के अस्थायी कर्मचारियों का भविष्य भी सवालों के घेरे में है। नगरपालिका प्रबंधन की ओर से ऐसे कर्मचारियों को काम से हटाने की दिशा में भी पहल किए जाने की बात सामने आई है। हुगली-चुंचुड़ा म्युनिसिपल एम्प्लॉइज एसोसिएशन के सचिव एवं श्रमिक नेता सौरभ गांगुली ने इस पर आपत्ति जताई है।

उनका आरोप है कि बिना स्पष्ट अधिसूचना और सेवानिवृत्ति के समय एकमुश्त आर्थिक सहायता की व्यवस्था किए वरिष्ठ कर्मचारियों को काम से बैठाने की कोशिश की जा रही है।

इस मुद्दे पर नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी सुप्रतिम आचार्य से संगठन के प्रतिनिधियों ने मुलाकात भी की थी।

संगठन का दावा है कि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। दूसरी ओर, नगरपालिका के प्रशासक ने कहा है कि 60 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों को काम पर बनाए रखने का कोई नियम नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस संबंध में अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

चुंचुड़ा के भाजपा विधायक सुबीर नाग ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अनिश्चितकाल तक नौकरी नहीं कर सकता और नए लोगों को भी रोजगार का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगरपालिका प्रबंधन की कार्रवाई नगरपालिका कानून के अनुरूप होनी चाहिए। तीन विभागों को समाप्त करने के संबंध में उनका कहना है कि पिछली तृणमूल कांग्रेस बोर्ड के कार्यकाल में मनमाने ढंग से नियुक्तियां की गई थीं। उन्होंने दावा किया कि किसी को सीधे नौकरी से निकालने के बजाय सफाई विभाग में काम करने का विकल्प दिया जा रहा है।

नगरपालिका सूत्रों के अनुसार, हुगली-चुंचुड़ा नगरपालिका में वर्तमान में लगभग दो हजार 200 अस्थायी कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों तथा समाप्त किए जाने वाले तीन विभागों से जुड़े 500 से अधिक कर्मचारी शामिल हैं।

वेतन भुगतान की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 60 वर्ष से कम उम्र के कर्मचारियों को सितंबर 2026 तक का वेतन मिल चुका है। वहीं, 60 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों के मामले में तीनों संबंधित विभागों में चार महीने और अन्य विभागों में दो महीने का वेतन बकाया बताया गया है।

नगरपालिका में निर्वाचित बोर्ड नहीं होने के कारण फिलहाल प्रशासनिक जिम्मेदारी प्रशासक के हाथों में है। ऐसे में कर्मचारियों की नियुक्ति, विभागीय पुनर्गठन और बकाया वेतन जैसे मुद्दे और महत्वपूर्ण हो गए हैं।फिलहाल नगरपालिका प्रबंधन की ओर से अंतिम निर्णय की प्रतीक्षा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय