home page

चंदननगर में ‘चंदनफिलेक्स 2026’ का शुभारंभ, प्रवर्तक संघ पर विशेष डाक आवरण का विमोचन

 | 
चंदननगर में ‘चंदनफिलेक्स 2026’ का शुभारंभ, प्रवर्तक संघ पर विशेष डाक आवरण का विमोचन


हुगली, 27 नवंबर (हि. स.)। डाक विभाग के दक्षिण हुगली मंडल की ओर से आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी ‘चंदनफिलेक्स 2026’ का शुक्रवार को चंदननगर कॉलेज में शुभारंभ हुआ। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य चंदननगर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी के बीच डाक टिकट संग्रह (फिलैटली) की कला को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के दौरान चंदननगर के ऐतिहासिक प्रवर्तक संघ पर आधारित विशेष डाक आवरण (स्पेशल कवर) का विमोचन किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

इस अवसर पर चंदननगर के विधायक दीपांजन कुमार गुहा मुख्य अतिथि के रूप में तथा दक्षिण बंगाल क्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल रिजु गांगुली विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कृष्णभाविनी नारी शिक्षा मंदिर, चंदननगर के प्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य प्रशासन के प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया।

प्रदर्शनी के दूसरे और अंतिम दिन शनिवार, 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे कृष्णभाविनी नारी शिक्षा मंदिर, चंदननगर पर आधारित एक अन्य विशेष डाक आवरण का विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा स्कूली विद्यार्थियों के लिए डाक टिकट डिजाइन, पत्र लेखन और फिलैटली क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कार्यक्रम का समापन समारोह भी इसी दिन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय