चंदननगर में नामांकन के दौरान तृणमूल और भाजपा समर्थकों में आमने-सामने टकराव, इलाके में तनाव
हुगली, 07 अप्रैल (हि. स.)। चंदननगर महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय के सामने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई, जिससे इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, एक ओर भाजपा और दूसरी ओर तृणमूल समर्थक मौजूद थे। इस दौरान “जय बांग्ला” और “जय श्रीराम” के नारों से माहौल गरमा गया। दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे के आमने-सामने आकर नारेबाजी करने लगे और स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात को संभालने की कोशिश की।
बताया गया कि मंगलवार को एसडीओ कार्यालय में नामांकन दाखिल करने के लिए तारकेश्वर से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रामेंदु सिंह रॉय, हरिपाल से भाजपा उम्मीदवार मधुमिता घोष, सिंगुर से भाजपा उम्मीदवार अरूप कुमार दास और तारकेश्वर से ही भाजपा उम्मीदवार संतु पान पहुंचे थे। नामांकन प्रक्रिया पूरी कर संतु पान के निकलने के कुछ ही देर बाद माहौल अचानक गर्म हो गया और दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए।
चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, नामांकन केंद्र के आसपास अवैध जमावड़ा प्रतिबंधित होता है। इसके बावजूद एसडीओ कार्यालय के सामने दोनों दलों के समर्थकों की भीड़ कैसे इकट्ठा हुई, इसको लेकर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि, पहले से तैनात भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी के कारण कोई बड़ा उपद्रव नहीं हुआ। कुछ समय तक दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी चलती रही, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समर्थकों को अलग-अलग दिशा में हटाया गया।
बाद में भाजपा समर्थक चंदननगर के रानीघाट की ओर और तृणमूल समर्थक उर्दी बाजार क्षेत्र की ओर इकट्ठा होकर नारेबाजी करते रहे। स्थिति को देखते हुए एसडीओ कार्यालय के सामने बैरिकेडिंग कर दी गई और वहां केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

