चंदननगर में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित, मंत्री भास्कर भट्टाचार्य और विधायक दीपांजन गुहा रहे मौजूद
हुगली, 06 नवंबर (हि. स.)। युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से चंदननगर के कानाईलाल विद्यामंदिर के अंग्रेजी विभाग की पहल पर जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। हुगली जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में राज्य के जनस्वास्थ्य तकनीकी एवं श्रम विभाग के राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा सहित अन्य विशिष्ट अतिथि, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव देना था। इसके साथ ही वाद-विवाद, विचार-विमर्श, तर्क प्रस्तुत करने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के माध्यम से युवाओं को भविष्य के जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने पर जोर दिया गया।
युवा संसद प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, आपसी संवाद और जनहित में निर्णय लेने के महत्व को समझने का अवसर मिला।
आयोजकों का मानना है कि इस तरह की पहल शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में सामाजिक और नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें पढ़ाई के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

