चंडीतला में 21 बछड़ों से लदा पिकअप वैन जब्त, दो गिरफ्तार
हुगली, 22 अगस्त (हि. स.)। जिले के चंडीतला थाना इलाके में पुलिस ने संदेह के आधार पर 21 बछड़ों से लदे एक पिकअप वैन को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन के चालक और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बछड़ों को कथित तौर पर अवैध रूप से एक छोटे पिकअप वैन में भरकर कोलकाता ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आलमगीर इस्लाम (24) और हाकिबूर अली (29) के रूप में हुई है। दोनों के बारासात, उत्तर 24 परगना के निवासी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने तेज गति से जा रहे एक पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली। वाहन के अंदर कुल 21 बछड़े पाए गए। पुलिस के मुताबिक, बछड़ों को बेहद तंग और असुविधाजनक तरीके से वाहन में रखा गया था, जिसके कारण कई बछड़ों की हालत खराब थी।
पूछताछ के दौरान वाहन में मौजूद लोगों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर पुलिस ने मौके से दोनों को गिरफ्तार किया।पुलिस ने सभी 21 बछड़ों को सुरक्षित रूप से चंडीतला थाने के परिसर में रखा है। पशु चिकित्सक की देखरेख में उनका इलाज कराया जा रहा है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

