home page

गोघाट में कोल्ड स्टोरेज के बाहर आलू किसानों का प्रदर्शन, पुलिस व केंद्रीय बल तैनात

 | 
गोघाट में कोल्ड स्टोरेज के बाहर आलू किसानों का प्रदर्शन, पुलिस व केंद्रीय बल तैनात


हुगली, 21 मार्च (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के गोघाट थाना अंतर्गत के हाजीपुर में आलू किसानों ने स्थानीय कोल्ड स्टोरेज में भंडारण की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस और केंद्रीय बल तैनात करने पड़े।

सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान आलू के बोरे लेकर कोल्ड स्टोरेज के बाहर जुट गए और भंडारण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। किसानों का कहना है कि पिछले वर्ष व्यापारी बाहर के राज्यों में आलू नहीं भेज पाए, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ा था, और इस बार भी आलू के दाम काफी गिर गए हैं।

प्रदर्शनकारी किसानों की मांग है कि उनके उत्पादित आलू को स्थानीय कोल्ड स्टोरेज में रखने की व्यवस्था की जाए। इस मुद्दे पर शुक्रवार रात से ही किसान वहां जमा हैं, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

हालात को देखते हुए प्रशासन ने कोल्ड स्टोरेज परिसर में पुलिस बल तैनात किया और बाद में केंद्रीय बल भी बुलाना पड़ा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने टोकन प्रणाली लागू कर किसानों को शांत करने की कोशिश की।

इस बीच, चुनाव से पहले आलू की कीमत नहीं मिलने से किसान नाराज हैं और विभिन्न विपक्षी दलों के उम्मीदवार भी उनके मुद्दों को लेकर सक्रिय हो गए हैं। क्षेत्र के कृषि प्रधान होने के कारण स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।

शनिवार को प्रशासन की दखल के बाद कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन ने प्रत्येक किसान से 50 बोरी आलू भंडारित करने का निर्णय लिया और इसके लिए टोकन वितरित किए जा रहे हैं। कोल्ड स्टोरेज के बाहर टोकन लेने के लिए किसानों की लंबी कतारें देखी गईं।

किसानों के अनुसार, प्रति बीघा 80-90 बोरी तक उत्पादन होता है और औसतन एक किसान 4-5 बीघा में आलू की खेती करता है, जिससे भंडारण की सीमित व्यवस्था पर असंतोष बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय