गोगाट में तृणमूल नेता के घर के समीप भारी मात्रा में बारूद बरामद
हुगली, 21 मई (हि. स.)। जिले के गोघाट इलाके में गुरुवार को तृणमूल नेता के घर के पास झाड़ियों से हथियार और बारूद बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना गोगाट-2 पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष तथा पश्चिमपाड़ा क्षेत्र तृणमूल अध्यक्ष फरीद खान के घर से करीब 500 मीटर दूर झरिया इलाके की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोगाट थाने की पुलिस ने झाड़ियों के पास की जमीन खोदने पर बारूद से भरे बोरे और हथियार बरामद किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे और विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लिया।
हथियार और बारूद बरामद होने की खबर फैलते ही इलाके के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम प्रतिकूल आने की स्थिति में इलाके में आतंक फैलाने के उद्देश्य से तृणमूल द्वारा इन हथियारों को जमा करके रखा गया था। भाजपा नेताओं ने तृणमूल नेता फरीद खान और उनके भाई पर पिछले 15 वर्षों से इलाके में आतंक और लूटपाट चलाने का भी आरोप लगाया।
हालांकि, इस मामले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी आई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

