home page

गुप्तीपाड़ा रथयात्रा की तैयारियों को लेकर महराज के साथ मंत्री सुमना सरकार की बैठक, अनुदान राशि के पारदर्शी उपयोग पर जोर

 | 
गुप्तीपाड़ा रथयात्रा की तैयारियों को लेकर महराज के साथ मंत्री सुमना सरकार की बैठक, अनुदान राशि के पारदर्शी उपयोग पर जोर


हुगली, 05 जुलाई (हि. स.)। जिले के ऐतिहासिक गुप्तीपाड़ा रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार को पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री सुमना सरकार ने वृंदावन चंद्र मंदिर के महराज से शिष्टाचार मुलाकात की और एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में रथयात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मंत्री सुमना सरकार ने बताया कि राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री की ओर से रथयात्रा के आयोजन के लिए प्रदान की गई पांच लाख रुपये की अनुदान राशि का पारदर्शी और उचित उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस राशि का उपयोग उत्सव की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा।

बैठक में रथयात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के बाद सुमना सरकार ने कहा कि गुप्तीपाड़ा की ऐतिहासिक रथयात्रा केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस वर्ष की रथयात्रा पहले से अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय