home page

गंगाजल और कीर्तन से पंचायत कार्यालय का ‘शुद्धिकरण’

 | 
गंगाजल और कीर्तन से पंचायत कार्यालय का ‘शुद्धिकरण’


अलीपुरद्वार, 28 जुलाई (हि. स.)। जिले के फालाकाटा में मंगलवार को फालाकाटा दो नंबर ग्राम पंचायत कार्यालय में गंगाजल छिड़ककर और कीर्तन के जरिए ‘शुद्धिकरण’ किया गया। यह कार्यक्रम किसी धार्मिक स्थल पर नहीं, बल्कि पंचायत कार्यालय में आयोजित किया गया, जिससे पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के प्रधान और उपप्रधान के इस्तीफे के बाद हाल ही में इस पंचायत पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कब्जा हुआ है। नए प्रधान और उपप्रधान के पदभार संभालने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को इस ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम का आयोजन किया।

नवनियुक्त प्रधान हेमंत उरांव और उपप्रधान अनिमा सरकार ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से तृणमूल कांग्रेस के शासन में पंचायत कार्यालय ‘अपवित्र’ हो गया था। इसलिए गंगाजल और कीर्तन के माध्यम से इसका शुद्धिकरण किया गया है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि अब पंचायत में पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त सेवाएं दी जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार