गंगा की जैव विविधता के संरक्षण के लिए मछलियों का संचयन, दिलीप घोष हुए शामिल
कोलकाता, 27 नवंबर (हि.स.)। गंगा नदी के जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और मत्स्य संपदा के संरक्षण के उद्देश्य से शुक्रवार को दक्षिणेश्वर के आलमबाजार घाट पर प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत मत्स्य संचयन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता व ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष उपस्थित रहे।
इस अवसर पर दिलीप घोष ने गंगा नदी में मछलियों के संरक्षण और उनकी मात्रा बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस पहल में भाग लिया। उन्होंने कहा कि बंगाल के जीवन और संस्कृति के साथ गंगा नदी तथा मछलियों का गहरा संबंध है। समय के साथ मछलियों के प्रजनन और उनकी संख्या में कमी आने के कारण गंगा में मछलियों के संचयन जैसी पहल की आवश्यकता बढ़ गई है।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा के जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य में मछुआरों और स्थानीय लोगों की आजीविका को भी प्रोत्साहित करना है। इस पहल के माध्यम से नदी की जैव विविधता के संरक्षण और मत्स्य संसाधनों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
दिलीप घोष ने गंगा की स्वच्छता और जैव विविधता की रक्षा के लिए सामूहिक जागरूकता एवं जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

