home page

खानाकुल-1 ब्लॉक में बाढ़ की स्थिति पर प्रशासनिक बैठक, प्रभावितों तक जल्द राहत पहुंचाने पर जोर

 | 
खानाकुल-1 ब्लॉक में बाढ़ की स्थिति पर प्रशासनिक बैठक, प्रभावितों तक जल्द राहत पहुंचाने पर जोर


हुगली, 20 अगस्त (हि. स.)। खानाकुल-1 ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित इलाकों की मौजूदा स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी गई है। बाढ़ की स्थिति को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री सुमना सरकार ने खानाकुल-1 बीडीओ कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

मिली जानकारी के अनुसार, बैठक में जलमग्न इलाकों की स्थिति, आम लोगों को हो रही परेशानियों तथा बाढ़ प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत सामग्री और आवश्यक सेवाएं पहुंचाने के मुद्दे पर विशेष चर्चा हुई। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के दौरान बाढ़ प्रभावित इलाकों का मौके पर जाकर निरीक्षण करने की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। किन क्षेत्रों में कितना पानी जमा है, कहां संपर्क व्यवस्था प्रभावित हुई है और किन इलाकों में तत्काल राहत एवं जरूरी सेवाओं की आवश्यकता है, इसकी जानकारी जुटाकर प्रशासन के साथ समन्वय से कार्रवाई करने की रणनीति बनाई गई।

इस बैठक में खानाकुल के विधायक सुशांत घोष और पुरशुड़ा के विधायक विमान घोष भी मौजूद रहे। मंत्री सुमना सरकार ने कहा कि आपदा की इस स्थिति में आम लोगों के साथ खड़े होकर उन्हें जल्द से जल्द आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर बाढ़ की स्थिति से निपटने और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने का संदेश दिया गया। लोगों की परेशानी कम करने के लिए आने वाले दिनों में भी प्रशासनिक स्तर पर तेजी से काम करने का आश्वासन दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय