home page

खड़गपुर नगरपालिका में अध्यक्ष चुनाव को लेकर प्रदर्शन

 | 
खड़गपुर नगरपालिका में अध्यक्ष चुनाव को लेकर प्रदर्शन


खड़गपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। खड़गपुर नगरपालिका में अध्यक्ष पद को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच सोमवार सुबह नगरपालिका कार्यालय के मुख्य द्वार पर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि कल्याणी घोष और प्रदीप सरकार के बजाय किसी स्वच्छ छवि वाले व्यक्ति को अध्यक्ष बनाया जाए, जो शहर की नागरिक सेवाओं में सुधार कर सके।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगरपालिका की नागरिक सेवाएं लंबे समय से बदहाल हैं। उनका कहना है कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पारदर्शी और जवाबदेह नेतृत्व की जरूरत है। प्रदर्शन को देखते हुए नगरपालिका कार्यालय के बाहर तत्काल बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

दरअसल, खड़गपुर नगरपालिका में अध्यक्ष पद को लेकर विवाद पिछले कई सप्ताह से जारी है। गत नौ सितंबर को तत्कालीन अध्यक्ष कल्याणी घोष के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस के पार्षद प्रदीप सरकार के नेतृत्व में 15 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था।

इसके बाद पांच अक्टूबर को हुई बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान हुआ। बैठक में उपस्थित 28 पार्षदों में से 24 ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, जबकि चार पार्षदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। इसके साथ ही कल्याणी घोष की अध्यक्ष पद से विदाई का रास्ता साफ हो गया। अविश्वास प्रस्ताव के विरोध में कल्याणी घोष ने कलकत्ता उच्च न्यायालय का भी रुख किया था, लेकिन उनकी याचिका खारिज होने के बाद मतदान की प्रक्रिया आगे बढ़ी।

अब नए अध्यक्ष के चुनाव से पहले हुए प्रदर्शन ने नगरपालिका की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता राजनीतिक खींचतान नहीं, बल्कि शहर की नागरिक समस्याओं का समाधान और बेहतर नगरपालिका सेवाएं हैं। ऐसे में नए अध्यक्ष के चयन को लेकर सबकी नजरें टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता