home page

कोलकाता में पत्रकारों पर हमले के विरोध में खड़गपुर में निकाली गई शांतिपूर्ण रैली

 | 
कोलकाता में पत्रकारों पर हमले के विरोध में खड़गपुर में निकाली गई शांतिपूर्ण रैली


कोलकाता में पत्रकारों पर हमले के विरोध में खड़गपुर में निकाली गई शांतिपूर्ण रैली


कोलकाता में पत्रकारों पर हमले के विरोध में खड़गपुर में निकाली गई शांतिपूर्ण रैली


खड़गपुर, 26 जुलाई (हि. स.)। कोलकाता में छात्र आंदोलन के दौरान पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में रविवार को प्रेस क्लब ऑफ खड़गपुर के तत्वावधान में पत्रकारों और मीडिया कर्मियों ने विरोध रैली निकाली।

रैली के माध्यम से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, दोषियों की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई करने तथा प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा की मांग की गई।

रैली का शुभारंभ खड़गपुर रेलवे स्टेशन परिसर से हुआ। इसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों, मीडिया कर्मियों तथा विभिन्न समाचार संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर लेकर शांतिपूर्ण मार्च निकाला गया। सुबह लगभग साढ़े 11 बजे प्रारंभ हुई इस रैली के दौरान वक्ताओं ने कहा कि किसी भी पत्रकार पर हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सूचना के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है।

उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार भय के वातावरण में कार्य करने को विवश होंगे तो समाज तक निष्पक्ष और तथ्यपरक जानकारी पहुंचाना कठिन हो जाएगा।

रैली के उपरांत आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सबसे पहले समाजसेवी दीपक कुमार दासगुप्ता ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है। स्वतंत्र और निर्भीक पत्रकारिता की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

वरिष्ठ पत्रकार तारकेश कुमार ओझा ने कहा कि स्वतंत्र पत्रकारिता लोकतंत्र की आत्मा है। पत्रकारों पर हर हमला सच और जनहित की आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सम्मान प्रत्येक लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार जीतेश बोरकर ने कहा कि पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास है। निष्पक्ष पत्रकारिता की सुरक्षा के लिए सभी को एकजुट होना होगा।

वहीं सुमन दास ने कहा कि पत्रकारों की निर्भीक आवाज लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।

सभा में उपस्थित सभी वक्ताओं ने पत्रकारों पर हमले के मामलों की शीघ्र, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम में दीपक कुमार दासगुप्ता, अभिमन्यु गुप्ता, जीतेश बोरकर, सुमन दास, तारकेश कुमार ओझा, भानु नायडू, अजय कुमार, राजेंद्र राव, सुभाष लाल, मनीष रामटेक, जितेंद्र शाह, एस. ए. खान, माणिक मंडल सहित प्रेस क्लब ऑफ खड़गपुर के अनेक सदस्य एवं मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।

सभा के अंत में सभी पत्रकारों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई तथा कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता के लिए उनका प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता