केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने बाबा तारकनाथ मंदिर में की पूजा
हुगली, 26 जुलाई (हि.स.)। श्रावणी मेले के अवसर पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री एवं पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार ने रविवार को तारकेश्वर स्थित ऐतिहासिक बाबा तारकनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की।
इस दौरान उनके साथ तारकेश्वर के विधायक संतु पान, सिंगूर के विधायक डॉ. अरूप दास, आरामबाग संगठनात्मक जिला भाजपा अध्यक्ष सुशांत बेरा सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. सुकांत मजूमदार ने कहा, जब मैं भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष था, तब भी यहां आया था। राज्य में सरकार बनने के बाद आज फिर बाबा तारकनाथ के दर्शन करने का अवसर मिला है। मैंने बाबा तारकनाथ से प्रार्थना की है कि बंगाल के वे पुराने अंधकारमय दिन दोबारा कभी वापस न आएं।
श्रावणी मेले के अवसर पर रविवार को बाबा तारकनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। केंद्रीय मंत्री ने श्रद्धालुओं से मुलाकात की और पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेताओं के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

