कूचबिहार में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’, नितिन नवीन ने तृणमूल पर साधा निशाना
कूचबिहार, 01 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव को लेकर राज्यभर में भारतीय जनता पार्टी की ‘परिवर्तन यात्रा’ जारी है। इसी क्रम में रविवार को कूचबिहार के रासमेला मैदान में आयोजित जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शिक्षा और नौकरी से जुड़ी कथित भ्रष्टाचार, कटमनी, तृणमूल नेताओं पर लगे आरोपों और घुसपैठ जैसे मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। साथ ही उन्होंने बंगाल में भाजपा सरकार की आवश्यकता पर भी विस्तार से बात रखी।
नितिन नवीन ने कहा कि जिन घुसपैठियों को बंगाल में जगह दी गई थी, अब उन्हें राज्य से बाहर करने का समय आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि काली पूजा के लिए अदालत की अनुमति लेनी पड़ती है, लेकिन नमाज के समय छूट दी जाती है, जो तुष्टीकरण की राजनीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बंगाल को इस मानसिकता से मुक्त करना जरूरी है।
उनका आरोप था कि घुसपैठियों को बचाने के लिए आधी रात को सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे तक खटखटाया जा सकता है, लेकिन जब राज्य की माताओं-बहनों पर अत्याचार होता है, तब प्रशासन सोया रहता है। उन्होंने दावा किया कि 50 लाख से अधिक घुसपैठियों के नाम सूची से हटाए गए हैं और प्रशासन ने भी माना है कि इससे भारतीय नागरिकों के अधिकार प्रभावित हो रहे थे।
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य की लगभग हर सरकारी योजना में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि बिहार में रोजगार योजनाएं चलाई जा रही हैं और करोड़ों महिलाओं को सहायता दी गई है, लेकिन वहां भ्रष्टाचार के आरोप नहीं हैं। वहीं बंगाल में तृणमूल नेता योजनाओं की राशि से कटमनी वसूलते हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि संसद में तृणमूल सांसदों द्वारा ‘वंदे मातरम्’ के अपमान की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष ही बंगाल को नई आज़ादी दिलाएगा।
सभा के अंत में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि तृणमूल सरकार को सत्ता से हटाने के लिए वोट की ताकत दिखानी होगी। उन्होंने कहा, “हम चार तारीख को एक बार होली मनाएंगे और फिर चुनाव परिणाम आने के बाद जीत की होली खेलेंगे।”
भाजपा की इस सभा के जरिए पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले चुनाव में घुसपैठ, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर आक्रामक चुनावी रणनीति अपनाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

