home page

कूचबिहार पॉलिटेक्निक कॉलेज में हिंसक झड़प, हॉस्टल पर हमले का आरोप

 | 
कूचबिहार पॉलिटेक्निक कॉलेज में हिंसक झड़प, हॉस्टल पर हमले का आरोप


कूचबिहार, 28 नवंबर (हि.स.)। कूचबिहार पॉलिटेक्निक कॉलेज में पिकनिक को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार देर रात को कॉलेज परिसर में दो पक्षों के बीच कई बार झड़प हुई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की खबर है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली थाने की पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कॉलेज परिसर में कुछ बाहरी लोगों द्वारा पिकनिक मनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने जब इसका विरोध किया, तो बाहरी लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला।

हालांकि, दिन में शुरू हुआ विवाद देर रात तक जारी रहा।

आरोप है कि रात के अंधेरे में कुछ युवक हॉस्टल में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ व हंगामा किया। इस दौरान अपनी जान बचाने के लिए हॉस्टल के छात्रों को इधर-उधर भागते देखा गया। वहीं, हॉस्टल की ऊपरी मंजिल से भी ईंट-पत्थर फेंके जाने का आरोप है। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

हॉस्टल में रहने वाले छात्रों का आरोप है कि बाहरी लोगों के पिकनिक मनाने का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, देर रात में हॉस्टल में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट भी की गई। इस घटना में एबीवीपी के सदस्यों की संलिप्तता का आरोप भी हॉस्टल के कुछ छात्रों ने लगाया है।

दूसरी ओर, एबीवीपी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। संगठन का दावा है कि हॉस्टल में रहने वाले तृणमूल के समर्थक कुछ असामाजिक तत्व अशांति फैला रहे थे। उन्होंने वहां से गुजर रहे सेना के एक वाहन को निशाना बनाकर ईंटें भी फेंकी थी। इसका विरोध करने पर एबीवीपी सदस्यों पर हमला किया गया। फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए एक-दूसरे पर आरोपों के बीच पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार