home page

कुमारगंज में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी शुभेंदु सरकार पर हमला, मारपीट का आरोप

 | 

कोलकाता, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज क्षेत्र से हिंसा की घटना सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर मारपीट की। घटना में उन्हें चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि शुभेंदु सरकार मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों के साथ उनकी कहासुनी हुई, जिसके बाद अचानक हमला कर दिया गया। घटनास्थल पर उनके साथ एक सुरक्षाकर्मी मौजूद था, जिसने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ लगातार हमला करती रही। बाद में शुभेंदु सरकार किसी तरह वहां से निकलने में सफल हुए।

शुभेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र में उनके मतदान अभिकर्ताओं को 8-10 स्थानों से बाहर निकाल दिया गया था। उन्होंने कहा कि वह स्वयं वहां पहुंचे और अपने प्रतिनिधियों को दोबारा अंदर ले गए। इसके बाद जब वह बूथ संख्या 24 पर पहुंचे, तभी उनकी टीम पर हमला किया गया।

उन्होंने कहा कि हमलावरों ने क्षेत्र में डर का माहौल बनाने की कोशिश की। उनके अनुसार मतदान केंद्र पर केंद्रीय बल तैनात थे, लेकिन घटना के समय उनके साथ केवल उनका सुरक्षाकर्मी था।

इस बीच घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कई लोग शुभेंदु सरकार को घेरकर धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सुरक्षाकर्मी उन्हें बचाने का प्रयास करता नजर आ रहा है।

घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार