home page

किशोर का संदिग्ध हालत में शव बरामद, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

 | 
किशोर का संदिग्ध हालत में शव बरामद, परिवार ने जताई हत्या की आशंका


दुर्गापुर, 01 मई (हि. स.)। दुर्गापुर के जेमुआ इलाके में शुक्रवार सुबह एक किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शेख रशीदुल (17) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, किशोर का शव जेमुआ इलाके में एक खेत के पास टिन की छत से लटका हुआ पाया गया। हालांकि, उसके पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार ने इसे असामान्य मौत बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

परिजनों के मुताबिक, रशीदुल गुरुवार शाम “बाथरूम जा रहा हूं” कहकर घर से निकला था, जिसके बाद से वह लापता था। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों से उन्हें उसकी मौत की जानकारी मिली।

परिवार ने बताया कि बुधवार को रशीदुल को एक लड़की के साथ देखा गया था और पुलिस ने दोनों को कुछ समय के लिए रोका भी था, लेकिन बाद में छोड़ दिया। उसी रात उसने एक दोस्त के घर बिताई और गुरुवार को घर लौटा था। इसके बाद शाम को वह फिर से बाहर निकला और लापता हो गया।

मृतक के भाई ने कहा कि गले में फंदा है लेकिन पैर जमीन पर हैं। हमें शक है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। हम पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पहले दुर्गापुर महकमा अस्पताल और बाद में आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय