home page

कालियाचक मामले का आरोपित मोफक्केरुल बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार

 | 
कालियाचक मामले का आरोपित मोफक्केरुल बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 3 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक में सात न्यायिक अधिकारियों को नौ घंटे तक बंधक बनाकर रखने के मामले के एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस और केंद्रीय एजेंसिया सघन तलाशी अभियान चला रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर बागडोगरा एयरपोर्ट पर सीआईडी और स्थानीय पुलिस ने छापेमारी कर मामले के मुख्य आरोपित पेशे से वकील मोफक्केरुल इस्लाम को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, मोफक्केरुल इस्लाम कोलकाता से बागडोगरा पहुंचने के बाद अलीपुरद्वार जाने की तैयारी में था। पहले से मिली सूचना के आधार पर एयरपोर्ट पर सादी वर्दी में पुलिस तैनात थी और विमान से उतरते ही उसे हिरासत में ले लिया गया।

फिलहाल उसे बागडोगरा थाने में रखा गया है और ट्रांजिट रिमांड पर मालदा ले जाने की प्रक्रिया चल रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपित ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह एक वकील के रूप में केस के सिलसिले में जा रहा था।

उसने कहा कि आंदोलन को उसका नैतिक समर्थन है लेकिन, न्यायिक अधिकारियों को घेरने की घटना में उसका कोई हाथ नहीं है।

इस मामले में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी सक्रिय हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद एनआईए की टीम मालदा पहुंचकर जांच करेगी कि यह पूरी घटना किसी साजिश का हिस्सा थी या नहीं।

आरोपित के मोबाइल और बयान के आधार पर पूरे मामले के मास्टरमाइंड की तलाश की जाएगी।

गौरतलब है कि मोफक्केरुल इस्लाम को पहले भी कालियाचक में एक भीड़ के सामने भाषण देते देखा गया था, जिसे कथित तौर पर भड़काऊ माना गया। आरोप है कि इसी के बाद भीड़ ने सात न्यायिक अधिकारियों को घेर लिया था। इस गिरफ्तारी के बाद प्रशासन को कुछ राहत मिली है, लेकिन जांच में और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार