काटवा अदालत परिसर में छेड़छाड़ का आरोप, महिला ने युवक को जूते से पीटा पिटाई
काटवा (पूर्व बर्धमान), 24 जुलाई (हि.स.)। पूर्व बर्धमान जिले के काटवा महकमा अदालत परिसर में शुक्रवार दोपहर एक महिला से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने से हलचल मच गई। आरोप है कि छेड़छाड़ के आरोप का विरोध करने पर महिला ने आरोपित युवक की अदालत परिसर में ही जूते से पिटाई कर दी। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपित युवक और महिला के पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, काटवा थाना क्षेत्र के गाफुलिया गांव की निवासी जवा घोष अपनी मां नयनदेवी और पति राजेश नंदी के साथ निजी कार्य से अदालत पहुंची थीं। तीनों उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय के सामने खड़े थे। इसी दौरान काटवा थाना क्षेत्र के लोहापोता गांव निवासी कबीर हुसैन शेख कथित रूप से उनके आसपास घूमता रहा। महिला का आरोप है कि युवक ने उसके साथ अश्लील इशारे किए और छेड़छाड़ की।
महिला ने पहले युवक का विरोध किया, फिर उसका कॉलर पकड़ लिया और जूता निकालकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर महिला के पति भी वहां पहुंचे और उन्होंने भी आरोपित की पिटाई कर दी।
अदालत परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। महिला पुलिसकर्मियों ने महिला को वहां से हटाया, जबकि आरोपित युवक और महिला के पति को हिरासत में लेकर काटवा थाने भेज दिया गया।
बाद में जवा घोष ने काटवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक काफी देर से उनका पीछा कर रहा था और बार-बार अश्लील हरकतें कर रहा था। इसी से नाराज होकर उन्होंने उसकी पिटाई की।
हालांकि, आरोपित कबीर हुसैन शेख ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उसने महिला के साथ कोई गलत व्यवहार नहीं किया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही अदालत परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की घटना कैसे हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

