ऐप-बेस्ड कैब सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर परिवहन मंत्री ने की समीक्षा बैठक
कोलकाता, 02 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के परिवहन विभाग के प्रभारी मंत्री ने मंगलवार को मैदान टेंट में ऐप-बेस्ड कैब सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बैठक की। बैठक में ऐप-कैब ऑपरेटरों, एग्रीगेटर्स, बंगाल गैस कंपनी के प्रतिनिधियों तथा परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बुधवार को विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि बैठक में पर्याप्त सीएनजी आपूर्ति, एग्रीगेटर ऐप के जरिए निजी/गैर-वाणिज्यिक वाहनों के संचालन, किराया संशोधन, एयरपोर्ट और प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्री पिक-अप, कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में लगाए गए वाहनों के मुआवजे, ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, बुकिंग प्रक्रिया और ड्राइवरों की शिकायतों के समाधान समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
मंत्री ने अधिकारियों को पर्याप्त और निर्बाध सीएनजी आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति जल्द सामान्य नहीं होती है तो वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं से भी संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि निजी या गैर-वाणिज्यिक वाहनों के मालिकों और ऑपरेटरों को एग्रीगेटर ऐप के जरिए किराये पर वाहन चलाने से बाहर निकलने के लिए उचित सार्वजनिक नोटिस के माध्यम से सात दिनों का समय दिया जाएगा। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कैब किराये में संशोधन, कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में लगाए गए वाहनों के मुआवजे और ड्राइवरों की शिकायतों के समाधान से जुड़े मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
एयरपोर्ट और प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर निजी वाहनों द्वारा यात्रियों को पिक-अप करने से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और संबंधित पुलिस कमिश्नरेट के साथ बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
मंत्री ने परिवहन विभाग को बैठक में लिए गए निर्णयों पर लगातार निगरानी रखने और संबंधित हितधारकों तथा विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

