उपचुनाव की घोषणा होते ही रेजिनगर में खूनी संघर्ष, तृणमूल नेता पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप
रेजिनगर, 10 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के रेजिनगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक माहौल गरमा गया है। गुरुवार सुबह तृणमूल कांग्रेस और आम जनता उन्नयन पार्टी के समर्थकों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। आरोप है कि आम जनता उन्नयन पार्टी के एक नेता ने तृणमूल के पंचायत सदस्य पर धारदार हथियार से हमला किया। घटना में दोनों पक्षों के कुल तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रेजिनगर थाना के दादपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत छेतियानी गांव में तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य अजीरुल शेख गुरुवार सुबह अपने समर्थकों के साथ इलाके की चाय दुकानों पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान अमीन शेख अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचा और अजीरुल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और इलाके में जमकर संघर्ष हुआ। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल होने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमला राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण हुआ या इसके पीछे कोई व्यक्तिगत विवाद था।
गौरतलब है कि राज्य की दो विधानसभा सीटों—रेजिनगर और नंदीग्राम—पर छह अक्टूबर को उपचुनाव प्रस्तावित है। वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने नवदा और रेजिनगर, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों जगह जीत हासिल की थी। हालांकि नियमों के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ी और उन्होंने रेजिनगर सीट से इस्तीफा दे दिया था।
अब रेजिनगर सीट पर उपचुनाव हो रहा है। हुमायूं कबीर के पुत्र गुलाम नबी आजाद ने इस सीट से अपना नामांकन पहले ही दाखिल कर दिया है। ऐसे में उपचुनाव से पहले तृणमूल नेता पर हमले के आरोप और दो राजनीतिक दलों के बीच हुई हिंसक झड़प से इलाके की राजनीति गरमा गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

