home page

उत्तरपाड़ा में चुनावी प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार के पोशाक को लेकर विवाद, तृणमूल ने उठाया सवाल

 | 
उत्तरपाड़ा में चुनावी प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार के पोशाक को लेकर विवाद, तृणमूल ने उठाया सवाल


हुगली, 06 अप्रैल (हि. स.)। जिले के उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार की पोशाक को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा उम्मीदवार दीपांजन चक्रवर्ती पर तृणमूल कांग्रेस ने चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, चुनाव प्रचार के दौरान दीपांजन चक्रवर्ती को काले रंग का एक ट्रैकसूट पहने देखा गया, जिस पर “एनएसजी” लिखा हुआ था। इसी को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने आपत्ति जताते हुए सवाल उठाया कि क्या राष्ट्रीय सुरक्षा बल से जुड़े प्रतीकों का इस तरह चुनाव प्रचार में इस्तेमाल किया जा सकता है।

तृणमूल का आरोप है कि भाजपा उम्मीदवार एनएसजी से जुड़े होने और एनकाउंटर जैसे मामलों का जिक्र कर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। इस मुद्दे पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल उम्मीदवार शीर्षन्य बनर्जी ने कहा कि वे इस मामले में शिकायत दर्ज कराएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एजेंसियों का इस्तेमाल कर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश करती है और अब इस तरह के तरीकों का सहारा लिया जा रहा है।

वहीं, भाजपा उम्मीदवार दीपांजन चक्रवर्ती ने आरोपों को खारिज करते हुए सोमवार को कहा कि यह एनएसजी की यूनिफॉर्म नहीं, बल्कि एक सामान्य ट्रैकसूट है, जिसे कोई भी पहन सकता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई कानूनी कार्रवाई करना चाहता है तो वह उसका जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि महेंद्र सिंह धोनी भी इस तरह का ट्रैकसूट पहन चुके हैं।

इस विवाद को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय