home page

उत्तरपाड़ा के विधायक की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई, तृणमूल पार्षद का कार्यालय ध्वस्त

 | 
उत्तरपाड़ा के विधायक की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई, तृणमूल पार्षद का कार्यालय ध्वस्त


हुगली, 25 मई (हि. स.)। जिले के कोन्नगर में सोमवार को उत्तरपाड़ा के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर तृणमूल कांग्रेस पार्षद के कथित अवैध कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप में की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कोन्नगर के एल पोखर बटतला मोड़ इलाके में कोन्नगर नगरपालिका के वार्ड संख्या 20 के तृणमूल पार्षद का कार्यालय कथित तौर पर सरकारी जमीन पर बनाया गया था। आरोप है कि कार्यालय के पास ही बबलू पाल उर्फ खोकन नामक व्यक्ति निर्माण सामग्री रखकर अवैध रूप से कारोबार भी चला रहा था।

सोमवार को उत्तरपाड़ा विधायक दीपांजन चक्रवर्ती, कोन्नगर नगरपालिका के चेयरमैन और इंजीनियरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले इंजीनियरों ने जमीन की माप की। इसके बाद बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बने पार्षद कार्यालय को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही कोन्नगर स्टेशन के समीप स्थित अंडरपास टोल गेट कार्यालय पर भी बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। इलाके में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय