अवैध पटाखों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 26.7 किलो पटाखे जब्त
पूर्व मेदिनीपुर, 06 नवंबर (हि. स.)। जिले के भगवानपुर थाना पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गोपीमोहनबार गांव स्थित एक घर में छापेमारी कर करीब 26 किलो 700 ग्राम पटाखे और आतिशबाजी की सामग्री जब्त की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम की गई इस कार्रवाई के दौरान घर में बिक्री के उद्देश्य से पटाखे रखे गए थे। जब्त सामग्री में तुबड़ी, चॉकलेट बम, जल बम, गाछ बम, रंगमशाल सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे शामिल हैं। हालांकि, छापेमारी के समय संबंधित व्यक्ति घर पर मौजूद नहीं था।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

