home page

अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, कई घायल

 | 
अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, कई घायल


कोलकाता, 15 अक्टूबर (हि. स.)। दुर्गा पूजा की पंचमी के दिन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पहली घटना नदिया जिले की है जहां डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। दूसरी घटना पश्चिम बर्दवान जिले की है जहां कांकसा के राजबांध इलाके में ट्रैक्टर और चारपहिया वाहन की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। तीसरी घटना उत्तर 24 परगना जिले की है जहां बिराटी में डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह शांतिपुर थाना क्षेत्र के प्रफुल्ल नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर यह दुर्घटना हुई। मृतकों में एक की पहचान सत्येन राय के रूप में हुई है। वह शांतिपुर थाना क्षेत्र के बोआलिया इलाके का निवासी था। दूसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, दोनों युवक एक ही इलाके के निवासी थे।

बताया गया है कि दोनों युवक स्कूटी से रानाघाट से शांतिपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फूलिया के प्रफुल्ल नगर के पास एक डंपर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों युवक डंपर के पहियों के नीचे आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर शांतिपुर थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर थाने पहुंचाया। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में डंपर तेज गति से चलते हैं, जिससे सड़क पर आवाजाही करना खतरनाक हो गया है। इलाके में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

दूसरी तरफ, पंचमी की सुबह पश्चिम बर्दवान जिले के कांकसा थाना क्षेत्र के राजबांध इलाके में ट्रैक्टर और एक चारपहिया वाहन के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, राजबांध इलाके में तेज गति से आ रही छोटी गाड़ी के चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क पर आगे चल रहे बालू लदे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। इसके कारण यह दुर्घटना हुई।

वहीं, गुरुवार सुबह बारासात की ओर जाते समय बिराटी में डीजल से भरा एक टैंकर भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद टैंकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। टैंकर से डीजल सड़क पर फैल गया। इसके कारण मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी और इलाके में भारी जाम लग गया। सूचना पाकर एयरपोर्ट थाना पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए सड़क पर बालू डाली गई, ताकि फिसलन और अन्य हादसों से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता