अर्जुन सिंह की भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील - हिंसा से दूर रहें
कोलकाता, 04 मई (हि. स.)। भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से किसी भी प्रकार की हिंसात्मक कार्रवाई से दूर रहने की अपील की है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश जारी करते हुए कहा कि बैरकपुर के सभी भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक तृणमूल कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों या आम नागरिकों के खिलाफ किसी भी तरह का हिंसात्मक व्यवहार न करें।
अर्जुन सिंह ने स्पष्ट कहा कि विपक्षी समर्थकों के घरों या दुकानों पर हमला करना या शारीरिक रूप से किसी को नुकसान पहुंचाना पार्टी की नीति के खिलाफ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और कानून के शासन पर भरोसा रखने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की जनता ने भाजपा को भारी समर्थन देकर सत्ता तक पहुंचाया है। इसलिए सभी की जिम्मेदारी है कि इस जनसमर्थन को बनाए रखते हुए राज्य को राजनीतिक हिंसा से मुक्त रखा जाए और विकास के लिए सभी को साथ लेकर आगे बढ़ा जाए।
अंत में उन्होंने एक बार फिर सभी से अपील की कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई गलत व्यवहार न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

