अन्नपूर्णा भंडार योजना से नाम हटाने के आरोप पर सिलीगुड़ी में प्रदर्शन
सिलीगुड़ी, 25 अगस्त (हि. स.)। अन्नपूर्णा भंडार समेत कई सामाजिक योजनाओं से पात्र महिलाओं के नाम कथित तौर पर हटाए जाने के विरोध में अखिल भारतीय लोकतांत्रिक महिला समिति ने मंगलवार को सिलीगुड़ी में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन की ओर से बाघाजतिन पार्क से एक रैली निकाली गई, जो सिलीगुड़ी नगर निगम कार्यालय पहुंची। हालांकि, पुलिस ने नगर निगम के मुख्य प्रवेश द्वार पर रैली को रोक दिया। इसके बाद संगठन की पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को नगर निगम कार्यालय के अंदर जाने की अनुमति दी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम अधिकारियों से मुलाकात कर मामले पर चर्चा की और समस्या के जल्द समाधान की मांग की।
संगठन का आरोप है कि वास्तविक पात्र लाभार्थियों के नाम सूची से हटाए जाने के कारण कई गरीब महिलाएं सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पात्र महिलाओं के नामों का जल्द सत्यापन कर उन्हें लाभार्थियों की सूची में शामिल किया जाए। बताया गया है कि नगर निगम अधिकारियों ने मामले में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

