टीएमसी जिला परिषद सभाधिपति के बेटे पर युवती से दुर्व्यवहार का आरोप
पश्चिम बर्दवान, 09 जुलाई (हि.स.)।
पश्चिम बर्दवान जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के चापुई इलाके में बुधवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जिला परिषद सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी के पुत्र पवित्र बाउरी पर एक युवती ने कथित रूप से दुर्व्यवहार, मारपीट, अनुचित संबंध बनाने का दबाव डालने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए। आरोप सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण विश्वनाथ बाउरी के आवास के बाहर एकत्र हो गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती का आरोप है कि पवित्र बाउरी लंबे समय से उसे प्रताड़ित कर रहा था, उस पर गलत संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट तथा धमकी दी गयी। घटना की जानकारी गांव में फैलते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ लोग कथित तौर पर विश्वनाथ बाउरी के आवास में घुस गए और वहां तोड़फोड़ की।
घटना की सूचना मिलते ही निमचा पुलिस चौकी प्रभारी नजरीन सुलताना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है। सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि जांच में आरोपी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उसे न्याय दिलाने की भी मांग की।
फिलहाल पूरे इलाके में स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है। मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

