home page

झाड़ग्राम चिड़ियाघर में जानवरों को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष इंतजाम

 | 
झाड़ग्राम चिड़ियाघर में जानवरों को गर्मी से राहत देने के लिए विशेष इंतजाम


झाड़ग्राम, 28 अप्रैल (हि.स.)। भीषण गर्मी और 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचते तापमान ने आम लोगों के साथ-साथ वन्यजीवों की परेशानी भी बढ़ा दी है। ऐसे में झाड़ग्राम जूलॉजिकल पार्क के पशु-पक्षियों को गर्मी से बचाने के लिए पार्क प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।

पार्क सूत्रों के अनुसार जानवरों के शरीर को ठंडा रखने के लिए उन्हें नियमित रूप से गुड़-पानी दिया जा रहा है। साथ ही उनके भोजन में पानी से भरपूर फल जैसे खीरा और तरबूज भी शामिल किए गए हैं। एनक्लोज़र के ऊपर घास-फूस की छत बनाई गई है ताकि सीधे धूप का असर कम हो सके।

मांसाहारी जानवरों जैसे चीता और भालू को ठंडे पानी से नियमित रूप से नहलाया जा रहा है। इसके अलावा पार्क के विभिन्न हिस्सों में स्प्रिंकलर लगाकर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे वातावरण को कुछ हद तक ठंडा रखा जा सके।

झाड़ग्राम के वन अधिकारी उमर इमाम ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच पशु-पक्षियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार कदम उठाए जा रहे हैं। एनक्लोज़र के भीतर की स्थिति पर भी नियमित रूप से नजर रखी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि झाड़ग्राम जूलॉजिकल पार्क जंगलमहल क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र है, जहां सर्दियों में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। हालांकि गर्मियों में पथरीली जमीन और अधिक तापमान के कारण परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो जाती हैं। वर्तमान में पार्क में 16 प्रजातियों के 187 स्तनधारी, 12 प्रजातियों के 153 सरीसृप और 18 प्रजातियों के 74 पक्षी मौजूद हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान जानवरों के व्यवहार में भी बदलाव देखा जाता है। इसलिए समय पर उचित देखभाल और वातावरण का संतुलन बनाए रखना बेहद आवश्यक होता है। पार्क प्रशासन द्वारा उठाए गए ये कदम पशु-पक्षियों को स्वस्थ रखने में सहायक साबित हो रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता