हुमायूं कबीर के खिलाफ सिउड़ी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज, सांप्रदायिक उकसावे का आरोप
कोलकाता, 11 अप्रैल (हि.स.)। आम जनता उन्नयन पार्टी के चेयरमैन हुमायूं कबीर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। शुक्रवार रात बीरभूम जिले के सिउड़ी थाने में उनके खिलाफ ‘राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आरक्षण मोर्चा’ के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद परवेज सिद्दिकी नेे लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हुमायूं कबीर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य में ध्रुवीकरण की कोशिश कर रहे हैं और सांप्रदायिक उकसावा दे रहे हैं। सिद्दीकी ने सिउड़ी थाने में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कराते हुए उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
सिद्दीकी का दावा है कि हुमायूं कबीर पैसे के बदले चुनाव में ध्रुवीकरण कराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद देश के मुसलमानों की आस्था का प्रतीक है, लेकिन हाल में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में हुमायूं कबीर यह कहते दिखे कि बाबरी मस्जिद निर्माण उनका वास्तविक उद्देश्य नहीं है। आरोप है कि वह हजार करोड़ रुपये की डील कर किसी शक्ति के पक्ष में चुनाव लड़ने और परोक्ष रूप से ‘फासीवादी ताकतों’ की मदद करने की बात कर रहे हैं।
हालांकि हुमायूं कबीर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसके पीछे तृणमूल कांग्रेस की साजिश बताई है। उनका कहना है कि चुनाव से पहले मुस्लिम समाज को भ्रमित करने के लिए तृणमूल ने बाहर से लोगों को लाकर उनके खिलाफ प्रचार कराया है। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता पहले भी मुर्शिदाबाद के रेजिनगर थाने में उनके खिलाफ शिकायत कर चुके हैं।
हुमायूं कबीर ने स्पष्ट किया कि वह अग्रिम जमानत नहीं लेंगे और कानून अपना काम करेगा।
गौरतलब है कि यह उनके खिलाफ तीसरा मामला है। इससे पहले कोलकाता के मैदान थाना और मुर्शिदाबाद के रेजिनगर थाने में भी शिकायत दर्ज हो चुकी है। रेजिनगर थाना पुलिस पहले से ही मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

