आसनसोल के बहुमंजिली इमारत में लगी आग, बड़ा हादसा टला
पश्चिम बर्दवान, 08 सितंबर (हि. स.)। आसनसोल के बहुमंजिली इमारत जेनेक्स एग्जॉटिका कॉम्प्लेक्स के टावर नंबर पांच की पहली मंजिल स्थित एक फ्लैट में मंगलवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग सचिन अंबांटा के फ्लैट में लगी। घटना के समय फ्लैट में उनकी पत्नी और बच्चा मौजूद थे। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया।
खबर फैलते ही महिला ने तत्काल बिजली और गैस का कनेक्शन बंद किया और बच्चे के साथ फ्लैट से सुरक्षित बाहर निकल गईं। इसके बाद कॉम्प्लेक्स की मेंटेनेंस टीम और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।सूचना पाकर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कॉम्प्लेक्स की अपनी फायर-फाइटिंग टीम ने भी आग पर काबू पाने में सहयोग किया। संयुक्त प्रयास से आग को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण फ्रिज में हुआ इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना की सूचना पाकर आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने पुलिस और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक व्यवस्था कराने की पहल की। उनके कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन्हें आग लगने की सूचना दी थी। सूचना पाकर तत्काल आवश्यक कदम उठाने की कोशिश की गई। कॉम्प्लेक्स के लोगों की सतर्कता और तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए जो भी आवश्यक कदम उठाने होंगे, वे उठाए जाएंगे। उन्होंने प्रभावित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
जेनेक्स एग्जॉटिका प्रबंधन समिति के पदाधिकारी पूर्णेंदु चौधरी ने बताया कि शुरुआती तौर पर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि फ्लैट के फ्रिज से इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि फ्लैट में मौजूद महिला ने समय रहते आग को देख लिया और तुरंत बिजली तथा गैस का कनेक्शन बंद कर बच्चे के साथ बाहर निकल गईं। फ्लैट में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आसनसोल फायर ब्रिगेड के प्रभारी ने बताया कि जेनेक्स एग्जॉटिका के टावर नंबर पांच की पहली मंजिल के एक फ्लैट में आग लगी थी। प्रारंभिक जांच में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। आग लगने की संभावना की भी जांच की जा रही है। तलाशी के दौरान किसी व्यक्ति के फ्लैट के अंदर फंसे होने की जानकारी नहीं मिली और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

