home page

यूसुफ पठान ने चुनावी सभा को किया संबोधित

 | 
यूसुफ पठान ने चुनावी सभा को किया संबोधित


दक्षिण 24 परगना, 12 अप्रैल (हि. स.)। सोनारपुर में चुनावी प्रचार के दौरान पूर्व क्रिकेटर एवं बहरमपुर के सांसद यूसुफ पठान ने एसआईआर से लेकर अन्य राज्यों में बांग्ला भाषियों पर कथित अत्याचार जैसे विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बयान दिया। साथ ही उन्होंने संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया।

रविवार शाम सोनारपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी फिरदौसी बेगम के समर्थन में आयोजित एक चुनावी कार्यकर्ता सभा में शामिल होने पहुंचे यूसुफ पठान ने मंच से ‘जय बांग्ला’ का नारा भी लगाया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर एसआईआर के नाम पर आम लोगों के मताधिकार को छीनने की साजिश करने का आरोप लगाया।

उन्होंने अन्य राज्यों में बांग्ला भाषियों पर हो रहे कथित अत्याचार की भी निंदा की।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि एसआईआर के जरिए आम लोगों के वोट के अधिकार को छीनने की साजिश की गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एकमात्र नेता हैं जिन्होंने अपने राज्य के लोगों के मताधिकार की रक्षा के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाकर कानूनी लड़ाई लड़ी है। एसआईआर के माध्यम से देश के जिन हिस्सों में अन्याय हुआ है, वहां के लोगों के लिए उन्होंने संघर्ष किया है।

मोथाबाड़ी कांड में एनआईए जांच के मुद्दे पर भी यूसुफ पठान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दीदी हमेशा सच्चाई के साथ खड़ी रही हैं। बंगाल के लोगों ने कभी अन्याय का समर्थन नहीं किया है, इसलिए इंसाफ के लिए जो भी होगा, उसे समर्थन मिलेगा।

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2026 में तृणमूल कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में आएगी और आगे 50 या 60 वर्षों तक पश्चिम बंगाल में उसकी सरकार बनी रहेगी, क्योंकि ममता बनर्जी ने महिलाओं और युवाओं के लिए व्यापक कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं और सभी त्योहार एक साथ मनाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा देश सुरक्षित है और लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें मछली पसंद है और जब भी वे बंगाल आते हैं, मछली खाते हैं।

यूसुफ पठान ने यह भी दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस पिछली बार की तुलना में इस बार 10 से 15 सीटें अधिक जीतेगी। उन्होंने मंच से फिरदौसी बेगम और ममता बनर्जी के समर्थन में गुजराती भाषा में भी वोट की अपील की।

संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि एक युग का अंत हो गया है। उनका संगीत हमेशा अमर रहेगा।

इसके अलावा उन्होंने आईपीएल, युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी सहित कई मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। खुद को ‘बाहरी’ बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका जन्म गुजरात में हुआ, लेकिन वे बंगाल के ही हैं, क्योंकि यहां के लोगों ने उन्हें अपना माना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता