home page

यूट्यूबर की अदालत में पेशी के दौरान हंगामा, अंडे फेंके गए

 | 

कोलकाता, 01 अक्टूबर (हि. स.)। देशविरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर दीपक ब्यापारी को गुरुवार को बैंकशाल अदालत में पेश किए जाने के दौरान हंगामा हो गया। प्रिजन वैन से उतरते ही कुछ लोगों ने उन्हें निशाना बनाकर अंडे फेंके। इस दौरान कई वकीलों के भी प्रभावित होने की बात सामने आई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की तो अदालत परिसर में तनाव और बढ़ गया।

दीपक ब्यापारी सोशल मीडिया पर राजनीतिक विषयों पर जानकारी साझा करते हैं और स्वयं को स्वतंत्र पत्रकार बताते हैं। एनआईए ने देश के विभिन्न हिस्सों में कथित फर्जी खबरें फैलाने, अंतरराष्ट्रीय साजिश और जासूसी के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया है। उन्हें 28 सितंबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर से गिरफ्तार किया गया था।

गुरुवार को दीपक को बैंकशाल अदालत लाया गया। प्रिजन वैन से उतारते ही कुछ लोगों ने उन पर अंडे फेंके। पुलिस किसी तरह उन्हें अदालत के भीतर ले जाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान कुछ वकीलों के साथ भी धक्का-मुक्की और हमले की शिकायत सामने आई। इसके बाद पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच भी विवाद हो गया।

घटना के बाद अदालत परिसर में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता