home page

हावड़ा के बांकड़ा में युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 | 
हावड़ा के बांकड़ा में युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार


हावड़ा, 26 जुलाई (हि. स.)। जिले के बांकड़ा इलाके में रात के समय घरों पर पत्थर फेंकने का विरोध करने पर एक युवक की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हमले में मृतक के दो भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपित गुड्डू शेख को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से रक्तरंजित एक चाकू बरामद किया है।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बांकड़ा के रसिकल इलाके का निवासी गुड्डू शेख अक्सर रात के समय लोगों के घरों पर पत्थर फेंकता था।अटख शनिवार रात उसने फिर कई घरों पर पत्थरबाजी की, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़कर चेतावनी दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। आरोप है कि गुड्डू ने उस समय लोगों को चाकू मारने की धमकी भी दी थी।

रविवार सुबह आरोपित हाथ में चाकू लेकर सड़क पर निकला और अचानक हमला कर दिया। इस हमले में हसन मीर नामक युवक के पेट में गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। उसे बचाने पहुंचे उसके दो भाइयों पर भी आरोपित ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय लोगों ने तीनों को तत्काल हावड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हसन मीर को मृत घोषित कर दिया। उसके दोनों घायल भाइयों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपित को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पाकर बांकड़ा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय