गंगा नदी में डूबे युवक की तलाश जारी
हुगली, 15 मई (हि.स.)। हुगली जिले के श्रीरामपुर स्थित महेश जगन्नाथ घाट(लख्खी घाट) पर गुरुवार अपराह्न नहाते समय एक युवक नदी में डूब गया। सूचना पाकर श्रीरामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों के मदद से युवक की तलाश शुरू हुई। लेकिन शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद शुक्रवार को फिर युवक की तलाश शुरू हुई। खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी।
सूचना पाकर स्थानीय पार्षद शांता गांगुली भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के अनुसार नदी में डूबे युवक का नाम सत्यम साव(24) है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक श्रीरामपुर नगरपालिका के 21 नंबर वार्ड की निवासी था। बच्चे के नदी में डूब जाने से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
सत्यम के पिता संजय प्रसाद साव ने बताया कि घाट पर सत्यम की साइकिल मिली और एक माझी ने सत्यम को नदी में डूबते हुए देखा।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घाट पर बार बार डूबने की घटनाएं घटती रहती हैं। ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को कदम उठाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

