home page

सर्पदंश से पीड़ित को लेकर ओझा के पास पहुंचा परिवार, युवक की मौत

 | 

उत्तर दिनाजपुर, 28 नवंबर (हि. स.)। अंधविश्वास के कारण समय पर इलाज नहीं मिलने से सर्पदंश के एक मरीज की मौत हो गई। घटना उत्तर दिनाजपुर जिलांतर्गत के रायगंज से शनिवार को सामने आई है। मृतक की पहचान गणेश हासदा (30) के रूप में हुई है। वह रायगंज थानांतर्गत बिंदोल ग्राम पंचायत के बाजे बिंदोल गांव का निवासी था और पेशे से दिहाड़ी मजदूर किसान था।

सूत्रों के अनुसार, गणेश खेत में धान झाड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसके पैर के अंगूठे में काट लिया। आरोप है कि परिवार के लोग उसे अस्पताल ले जाने के बजाय स्थानीय ओझा के पास ले गए, जहां करीब डेढ़ घंटे तक झाड़-फूंक की गई।

मृतक के भाई सुभाष हासदा के अनुसार, इस दौरान गणेश की हालत लगातार बिगड़ती गई। बाद में ओझा ने शरीर में जहर नहीं होने की बात कहते हुए उसे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज व अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शनिवार को रायगंज थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक में समय बर्बाद न करें और मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर एंटी-स्नेक वेनम (एंटीवेनम) देकर उसकी जान बचाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार