सड़क हादसे में युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
सिलीगुड़ी, 27 सितंबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी के तिलक साधु मोड़ इलाके में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब आशीघर की ओर से आ रही एक स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लाइट पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सभी युवक मझाबाड़ी इलाके के निवासी हैं। वहीं, स्कूटी सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर आशीघर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक व दोनों घायलों को बरामद कर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, मृतक और घायलों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

