home page

हाथी के हमले में युवक की मौत, इलाके में दहशत

 | 
हाथी के हमले में युवक की मौत, इलाके में दहशत


जलपाईगुड़ी, 30 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर बंगाल के डुआर्स क्षेत्र में एक बार फिर मानव और वन्यजीव संघर्ष की दर्दनाक घटना सामने आई है। गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान के पास मूर्ति वनबस्ती इलाके में गुरुवार सुबह हाथी के हमले में एक युवक की मौत हो गई। है मृतक का नाम सुरज उरांव (27) है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुरज रोज की तरह सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोरुमारा जंगल से एक झुंड से बिछड़ा हाथी रिहायशी इलाके में घुस आया। आशंका है कि खेत के पास पहुंचते ही सुरज का सामना हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने सुरज को मौके पर मृत अवस्था में पाया, जिनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।

घटना की सूचना पाकर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जलपाईगुड़ी सदर अस्पताल भेज दिया है।

वन विभाग के एडीएफओ राजीब डे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हाथी के हमले का मामला है। नियमों के अनुसार, मृतक के परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस घटना के बाद मूर्ति और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर हाथी जंगल से निकलकर बस्तियों में घुस आते हैं और फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। ग्रामीणों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार