home page

गड्ढे में गिरकर युवक की मौत

 | 
गड्ढे में गिरकर युवक की मौत


सिलीगुड़ी, 10 जून (हि.स.)। उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां फोरलेन एलिवेटेड सड़क के निर्माण के दौरान खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना माटीगाड़ा के खपरैल मोड़ इलाके की है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, माटीगाड़ा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान पिलर निर्माण के लिए एक गहरा गड्ढा खोदा गया था। बताया जा रहा है कि एक बाइक सवार युवक मंगलवार देर रात अचानक नियंत्रण खो बैठा और बाइक समेत उस गड्ढे में जा गिरा।

बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर गड्ढे में पड़ी बाइक के हिस्सों पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची माटीगाड़ा थाने की पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक और उसकी बाइक को बाहर निकाला।

जिसके बाद युवक को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज वं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, युवक ने हाल ही में एक नई बाइक खरीदी थी।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गड्ढे के आसपास न तो उचित बैरिकेडिंग की गई थी और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए थे, जिससे यह हादसा हुआ।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार