नशामुक्ति केंद्र में युवक की मौत पर हंगामा, तोड़फोड़
दक्षिण दिनाजपुर, 02 मई (हि.स.)। जिले के बालुरघाट में एक गैर सरकारी नशामुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर शनिवार को सामने आई है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान इसराफुल हक (26) के रूप में हुई है। परिवार ने आरोप लगाया है कि केंद्र के भीतर उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या की गई। मृतक चोपड़ा का रहने वाला था।
परिवार के अनुसार, 27 अप्रैल को उसे नशे की लत से उबारने के लिए इस केंद्र में भर्ती कराया गया था। परिजनों को उम्मीद थी कि वह ठीक होकर घर लौटेगा, लेकिन यह उम्मीद दर्दनाक घटना में बदल गई। केंद्र की ओर से परिवार को फोन कर बताया गया कि युवक की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में कहा गया कि उसे हार्ट अटैक आया है। लेकिन जब परिवार बालुरघाट पहुंचा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की खबर फैलते ही गुस्साए लोगों ने नशामुक्ति केंद्र पर हमला कर तोड़फोड़ की। इस दौरान वहां भर्ती अन्य मरीजों में दहशत फैल गई और कई मरीज डर के कारण वहां से भाग गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है। परिवार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

