टाला सेतु पर लैम्पपोस्ट पर चढ़ा युवक, यातायात बाधित
कोलकाता, 04 अगस्त (हि. स.)। उत्तर कोलकाता के टाला सेतु पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक सड़क किनारे लगे ऊंचे लैम्पपोस्ट पर चढ़ गया। वहां से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बात कराने की मांग करने लगा। लगभग 40 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के कारण क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे युवक टाला सेतु पर एक लैम्पपोस्ट के पास पहुंचा। इसके बाद वह तेजी से खंभे पर चढ़ गया। आधी ऊंचाई पर पहुंचकर उसने अपनी शर्ट उतारकर लैम्पपोस्ट से बांध दी और फिर सबसे ऊपर जाकर बैठ गया। इस दौरान उसने जेब से मोबाइल निकालकर नीचे खड़े लोगों को कुछ वीडियो दिखाए। बाद में वह स्वयं भी ऊपर से वीडियो बनाता रहा।
सूत्रों के अनुसार, युवक ने लैम्पपोस्ट के शीर्ष पर कई बार खतरनाक करतब भी किए। वह कभी लोहे की रॉड पकड़कर लटक जाता तो कभी ऊपर बैठकर विभिन्न प्रकार के स्टंट दिखाने लगता। उसकी हरकतों को देखकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर वहां जमा हो गए। कई वाहन चालक अपने वाहन रोककर नीचे उतर आए और युवक से सुरक्षित नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक बार-बार चिल्लाकर कह रहा था कि वह शुभेंदु अधिकारी से बात करना चाहता है। कुछ लोगों के अनुसार उसने स्थानीय थाना प्रभारी के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
घटना की सूचना पाकर पुलिस, दमकल विभाग तथा आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचा। काफी प्रयास के बाद कोलकाता नगर निगम की पेड़ काटने वाली हाइड्रोलिक वाहन की सहायता से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
युवक के लैम्पपोस्ट पर चढ़ने के कारण श्यामबाजार से चिड़ियामोड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबा यातायात जाम लग गया। कई वाहन काफी देर तक फंसे रहे, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

