home page

युवक की पीट-पीटकर हत्या, भाजपा विधायक ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

 | 
युवक की पीट-पीटकर हत्या, भाजपा विधायक ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात


कूचबिहार, 24 सितंबर (हि. स.)। दिनहाटा में कथित तौर पर गाय चोरी के संदेह में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मारे गए युवक मीर आलम कबीर के परिवार से गुरुवार को दिनहाटा के भाजपा विधायक अजय राय ने मुलाकात की है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

घटना रविवार रात दिनहाटा-1 ब्लॉक के बड़ा शौलमारी-बात्रिगाछ इलाके में हुई थी। गाय चोरी के संदेह में युवक की कथित मॉब लिंचिंग की घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

मुलाकात के दौरान मृतक की मां भावुक हो गई और बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हुए विधायक से न्याय की गुहार लगाई। परिवार का आरोप है कि रविवार रात मीर आलम कबीर के साथ पूरी रात मारपीट और शारीरिक यातना की गई। आरोप यह भी है कि रात में उसके परिवार को फोन कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। समय पर रकम की व्यवस्था नहीं होने पर उसके साथ कथित तौर पर और अधिक मारपीट की गई। अगले दिन सुबह पुलिस ने उसे बरामद कर दिनहाटा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिवार की ओर से इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य आरोपितों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार