home page

मुख्यमंत्री के हेलीपैड में गाड़ी लेकर घुसने वाला युवक गिरफ्तार

 | 

सिलीगुड़ी, ०9 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री के वीवीआईपी सुरक्षा घेरे को तोड़कर ‘आर्मी’ लिखी गाड़ी के साथ हेलीपैड क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में एक तृणमूल कांग्रेस नेता के बेटे को गिरफ्तार किया गया है। घटना मंगलवार को फूलबाड़ी में उत्तरकन्या के समीप मैदान में हुई। घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान डाबग्राम-फूलबाड़ी के पूर्व तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप राय के बेटे दिगंबर राय उर्फ बापी के रूप में हुई है। एनजेपी थाने की पुलिस ने मंगलवार देर रात उसे गिरफ्तार किया। बुधवार को आरोपित को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।

सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर राणा मुखोपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री के सुरक्षा घेरे में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने के आरोप में एक को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में किसी तरह की चूक हुई थी या नहीं, समेत पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बताया गया है कि उत्तर बंगाल दौरे पर आए मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए मंगलवार को फूलबाड़ी के मैदान में कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर गाड़ी लेकर सीधे हेलीपैड के अंदर पहुंच गया।घटना के बाद हेलीपैड के बाहर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नाराजगी देखी गई। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद कोई व्यक्ति गाड़ी लेकर संवेदनशील हेलीपैड क्षेत्र तक कैसे पहुंच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार