फ्लैट से युवती का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
कोलकाता, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर के 17 नंबर वार्ड से सटे लेकपल्ली इलाके में एक खाली फ्लैट से युवती का शव बरामद होने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। मंगलवार रात पांचवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट का दरवाजा तोड़कर बरानगर थाना की पुलिस ने युवती का शव बरामद किया। मृतका की पहचान अंजलि साव (26) के रूप में हुई है। उसकी मृत्यु के कारणों को लेकर रहस्य बना हुआ है। हालांकि, पुलिस के एक सूत्र के अनुसार, युवती का शव फ्लैट के अंदर लेटी हुई अवस्था में मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। इसके बाद मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है। पुलिस हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतका की बड़ी बहन और जीजा पिछले करीब चार वर्षों से उस फ्लैट में रहते थे। हालांकि, व्यवसाय के सिलसिले में फिलहाल वे हुगली जिले के श्रीरामपुर में रहते हैं। सोमवार को फ्लैट के मालिक और युवती के जीजा पड़ोस में रहने वाली लतिका मान्ना के पास चाबी छोड़कर गए थे। लतिका के अनुसार, मंगलवार दोपहर अंजलि उनसे चाबी लेकर पांचवीं मंजिल स्थित फ्लैट में गई थी। शाम को युवती की बड़ी बहन ने उसे फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों से संपर्क किया।
पड़ोसियों ने फ्लैट के दरवाजे पर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद बरानगर थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर फ्लैट के अंदर दाखिल हुई। वहां युवती का शव मिला। बाद में शव को बरानगर स्टेट जनरल अस्पताल भेज दिया गया।
इस घटना की जांच बरानगर थाना की पुलिस ने शुरू कर दी है। इलाके में लगे कई सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

