मालदा में सनसनीखेज घटना, युवक ने खुद को मारी गोली
मालदा, 30 मार्च (हि. स.)। जिले में एक बार फिर दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। कालियाचक इलाके में एक युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।घटना कालियाचक के श्रीरामपुर गांव की है, जहां करीब अब्दुल जब्बार का गोली लगा शव रविवार देर रात बरामद किया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में अंदेशा है कि युवक ने खुद ही आग्नेयास्त्र से गोली चलाकर आत्मघाती कदम उठाया है।
परिवार के अनुसार, अब्दुल जब्बार बीड़ी मजदूर था और अपने पिता के साथ काम करता था। रविवार रात वह श्रीरामपुर के शेखपुरा मैदान में गया और वहीं से अपने माता-पिता को वीडियो कॉल किया। आरोप है कि बात करते-करते उसने अचानक अपने सिर पर बंदूक रखकर गोली चला दी। परिजन और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सोमवार सुबह अस्पताल के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

