शॉपिंग मॉल के चौथी मंजिल से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल
सिलीगुड़ी, 28 अक्टूबर (हि. स.)। सिलीगुड़ी स्थित एक नामी शॉपिंग मॉल में चौथी मंजिल से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक की पहचान आयुष चौधरी (19) के रूप में हुई है। वह डॉन बॉस्को स्कूल के पास स्थित एक अपार्टमेंट में रहता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को रहस्यमय परिस्थितियों में आयुष मॉल की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर भक्तिनगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक चौथी मंजिल से कैसे गिरा। खबर लिखे जाने तक मॉल प्रबंधन की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं की गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

