प्रेम में धोखा, युवक ने जहर खाकर दी जान
दक्षिण दिनाजपुर, 10 जून (हि. स.)। जिले के पतिराम इलाके में प्रेम संबंध में कथित धोखे से आहत एक युवक की आत्महत्या की घटना से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बिमान सरकार के रूप में हुई है। घटना पतिराम के नाजिरपुर पंचायत अंतर्गत ठाकुर काली नगर इलाके की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चिंगिसपुर दओघाट क्षेत्र की एक युवती के साथ पिछले तीन वर्षों से बिमान का प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तैयारियां भी चल रही थी। इसी के चलते परदेश में काम करने वाले बिमान ने अपने गांव में पक्का घर बनवाना शुरू किया था। आरोप है कि हाल ही में युवती किसी अन्य संबंध में जुड़ गई, जिससे बिमान मानसिक रूप से टूट गया।
परिजनों का कहना है कि मंगलवार देर रात को उसने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे बालुरघाट जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों और पड़ोसियों का आरोप है कि शादी के वादे के तहत बिमान ने युवती को महंगा मोबाइल, गहने और अन्य कीमती सामान दिए थे। खुद को ठगा हुआ महसूस करने के बाद उसने यह कदम उठाया।
घटना के बाद मृतक के काका विश्वजीत सरकार समेत ग्रामीणों ने पतिराम पुलिस थाने में युवती के पिता उज्ज्वल बर्मन सहित तीन लोगों के खिलाफ बुधवार को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम के बाद शव जब गांव पहुंचा तो इलाके में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश भी देखने को मिला। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

