दधि-कादा खेल के दौरान पानी में डूबने से दस वर्षीय बच्चे की मौत
जलपाईगुड़ी, 05 सितंबर (हि. स.)। जन्माष्टमी के मौके पर राजगंज ब्लॉक के साहुडांगी संलग्न पाघालूपाड़ा इलाके के कचूमोड़ पर शनिवार को आयोजित दधि-कादा खेल के दौरान एक दर्दनाक हादसे में दस वर्षीय बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृत बच्चे का नाम कौशिक बोस बताया गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जन्माष्टमी के अवसर पर कचूमोड़ में बड़े स्तर पर दधि-कादा खेल का आयोजन किया गया था। इसमें हिस्सा लेने के लिए राजगंज के बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत के कृष्णनगर कॉलोनी इलाके का कौशिक बोस भी पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि खेल के दौरान बच्चा अचानक पानी में गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। काफी देर की तलाश के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और मृत बच्चे के परिवार में भी गहरा दुख व्याप्त है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

